कोटा में आज आसमान साफ है और धूप खिली हुई है। हालांकि उमस बरकरार है। मौसम विभाग ने हाड़ौती संभाग (कोटा, बूंदी, झालावाड़ ) के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इससे पहले मंगलवार शाम साढ़े 5 बजे तक 1.2 एमएम बारिश हुई थी। तापमान दो डिग्री घटकर अधिकतम 35.4 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार- इस सीजन में 7 जुलाई तक 24% कम बारिश हुई है। सामान्यतया जिले में 7 जुलाई तक औसत 138.8 मिमी बारिश होती है। इस सीजन में अभी तक 106.2 मिमी बारिश हुई है। बारिश से तापमान में गिरावट रामगंजमंडी और सांगोद में मंगलवार को बारिश हुई थी। रामगंजमंडी में करीब 50 मिनट तक तेज बारिश हुई। इसके बाद लगभग एक घंटे तक रिमझिम फुहारों का दौर चलता रहा। बारिश के कारण सड़कों पर पानी बहने लगा और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। खेत में नमी से किसानों को राहत सांगोद क्षेत्र में हुई बारिश से किसानों को बड़ी राहत मिली है। सांगोद में मानसून की सुस्त रफ्तार से किसान चिंतित थे, जिससे धान सहित खरीफ फसलों की बुवाई और रोपाई प्रभावित हो रही थी। मंगलवार को हुई बारिश के बाद खेतों में पर्याप्त नमी बनने से धान की रोपाई का काम तेज हो गया है।