कोटा शहर में महिला सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक से लैस सीसीटीवी कैमरों की निगरानी रहेगी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कोटा सर्किट हाउस में निर्भया फंड के तहत प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए। ओम बिरला ने दिए पिंक पेट्रोलिंग वैन शुरू करने के निर्देश। बैठक में पुलिस विभाग के प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए ओम बिरला ने शहर में पहले से लगे सीसीटीवी कैमरों को AI तकनीक से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि निगरानी व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सके। इसके अलावा महिलाओं की सुरक्षा और तुरंत सहायता के लिए 2 पिंक पेट्रोलिंग वैन शुरू करने तथा प्रमुख स्थानों पर पिंक बूथ स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के विश्वास से जुड़ा विषय है। सभी योजनाओं का समय पर और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित एवं भरोसेमंद माहैल मिल सके। कोचिंग छात्राओं की सुरक्षा पर विशेष फॉकस बैठक में कोटा आने वाली कोचिंग छात्राओं की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग प्रोग्राम और साइबर अवेयरनेस अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शहर के महिला थाने को मॉडल महिला थाना के रूप में विकसित करने की बात कही गई, जिससे संवेदनशील और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित हो सके। इस दौरान ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, पुलिस महानिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद गोयल, जिला कलक्टर पीयूष समारिया सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि ‘महिलाओं और बालिकाओं के लिए समावेशी शहर’ परियोजना के तहत कोटा को देश के 10 चयनित शहरों में शामिल किया गया है। इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत प्रत्येक शहर के लिए 10 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। योजना के तहत पिंक ई-रिक्शा, हाईमास्ट लाइट, AI आधारित सीसीटीवी, पिंक एम्बुलेंस, सुरक्षित प्रतीक्षालय, कॉल बॉक्स, महिला मजदूरों के लिए लाउंज, सस्ती दरों पर घर और पिंक टॉयलेट जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।