कोटा में नकली करेंसी नोट चलाने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस ग्रामीण पुलिस ने गिरोह के पांच आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार किया। पुलिस एसपी सुजीत शंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चेचट थाना पुलिस ने यह सफलता हासिल की। घटना मोडक रोड स्थित पांच सितारा होटल के पास की है। यहां गश्त और नाकाबंदी के दौरान दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने दोनों को डिटेन कर तलाशी ली तो उनके पास से 500 रुपए के तीन और 200 रुपए का एक नकली नोट बरामद हुआ। पुलिस ने जाहिद और इस्लाम को गिरफ्तार किया। पुलिस एसपी सुजीत शंकर ने बताया- आरोपियों ने करीब 30 हजार रुपए के नकली नोट महज 12,500 रुपए के असली नोट देकर खरीदे थे। एक के बाद एक आरोपी किए गिरफ्तार ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया- पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नकली नोट वकार और वसीम से लाते थे। उन्होंने बताया- ये नोट सोहेल नाम के युवक से हासिल किए थे। इस पर गिरोह के इन बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। वहीं नेटवर्क की जांच की जा रही है। कार्रवाई में चेचट थाना पुलिस के साथ सुकेत थाना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। लगातार की जा रही सख्त कार्रवाई से इलाके में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिल रही है।