कोटा में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के विशेष अभियान के तहत कार्रवाई की गई। दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से बुधवार को दो बदमाशों को देसी कट्टों के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों से हथियारों की खरीद-फरोख्त और इनके इस्तेमाल को लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। पहली कार्रवाई भीमगंजमंडी थाना पुलिस ने की। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चंबल रेलवे ब्रिज स्थित पुराने पंप हाउस के पास दबिश देकर शुभम उर्फ बच्चा (23) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उससे एक अवैध देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। देसी कट्‌टे के साथ हार्डकोर बदमाश गिरफ्तार दूसरी कार्रवाई में कुन्हाड़ी थाना पुलिस ने गोपाल धाम कॉलोनी मुख्य मार्ग से नयापुरा थाने के हार्डकोर और हिस्ट्रीशीटर बदमाश शाहरुख उर्फ सोनू को अवैध देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी वारदात की फिराक में हथियार लेकर खड़ा है। घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके पास से देसी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने कहा- अभियान जारी रहेगा कोटा एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया- शहर में अवैध हथियार रखने और उनका इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान जारी है। दोनों आरोपियों से हथियार कहां से लाए गए, किसे सप्लाई किए जाने थे और किसी वारदात की साजिश तो नहीं थी, इन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा- शहर में अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।