कोटा शहर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। एक अवैध हथियार रखने वाले हिस्ट्रीशीटर और एक वाहन चोरी करने वाले शातिर को दबोचा है। पुलिस एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे कॉलोनी और नयापुरा थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। घेरावंदी कर पकड़ा रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रंगपुर पुलिया के नीचे एक युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी रजत पांडे उर्फ कालू बच्चा को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार रजत थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ मारपीट, बलवा, हत्या के प्रयास, जबरन वसूली, अवैध हथियार रखने सहित कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली वहीं दूसरी कार्रवाई में नयापुरा थाना पुलिस ने एमबीएस अस्पताल परिसर से चोरी हुई मोटरसाइकिल का खुलासा करते हुए आरोपी आशिफ को गिरफ्तार कर लिया। फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने करीब 100 निजी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, रूट चार्ट तैयार किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। पूछताछ में आरोपी ने बाइक चोरी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई। आरोपियों से हो रही पूछताछ पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है। साथ ही आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। शहर में अपराध और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।