कोटा में मानसून की एंट्री हुए एक सप्ताह हो चुका हैं। लेकिन एंट्री के बाद भी पानी नहीं बरसा है। शहर में आज भी आसमान साफ है। हल्की हवाएं चल रही है, और धूप खिली हुई है। गर्मी व उमस बरकरार है। बुधवार को अधिकतम तापमान 1 डिग्री तक बढ़ा। अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री व न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हालांकि रात को जिले के कई इलाकों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज हाड़ौती संभाग (कोटा, बूंदी, झालावाड़ ) के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस सीजन में 8 जुलाई तक 10% कम बारिश हुई है। सामान्यतया जिले में 8 जुलाई तक औसत 146.3मिमी बारिश होती है। इस सीजन में अभी तक 131.7मिमी बारिश हुई है। मुंबई मंडल में भारी बारिश के चलते तीन ट्रेनें रद्द मुंबई मंडल में भारी बारिश व जलभराव के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ है। इसके चलते रेल प्रशासन द्वारा कोटा मंडल से होकर गुजरने वाली तीन ट्रेनों को रद्द किया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 12956 जयपुर–मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस दिनांक 9 जुलाई 2026 को रद्द रहेगी। गाड़ी संख्या 12953 मुंबई सेंट्रल–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस 9 जुलाई 2026 को निरस्त रहेगी। गाड़ी संख्या 12954 हजरत निजामुद्दीन–मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस 10 जुलाई 2026 को निरस्त रहेगी।