कोटा में सोमवार दोपहर करीब 1 बजे एक अज्ञात बाइक सवार बदमाश ने दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश हेलमेट पहनकर बाइक से आया और मकान के बाहर मोटरसाइकिल को खड़ा कर घर के अंदर घुस गया। मामला जवाहर नगर थाना क्षेत्र स्थित महावीर नगर प्रथम का है। चोर घर में घुसा उसके कुछ ही मिनट बाद घर की महिला बाहर से अंदर आई तो उसकी नजर आरोपी पर पड़ गई। महिला ने शोर मचाते हुए उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन बदमाश ने उसे धक्का देकर खुद को छुड़ा लिया। बाइक को पकड़ने के प्रयास में सड़क पर गिरी महिला महिला बाहर तक आरोपी के पीछे दौड़ी और उसकी बाइक पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन आरोपी बाइक स्टार्ट कर फरार हो गया। इस दौरान महिला सड़क पर गिर गई। साढ़े पांच हजार रुपए और मोबाइल ले गया पीड़ित मनोराज सिंह ने बताया कि आरोपी घर से करीब 5,500 रुपए कैश और एक मोबाइल फोन चोरी कर ले गया। घटना का पूरा घटनाक्रम पड़ोस के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है, जिसमें आरोपी की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं। गश्त बढ़ाने की मांग वारदात की सूचना तुरंत जवाहर नगर थाना पुलिस को दी गई और रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।