कोटा ग्रामीण पुलिस ने साइबर अपराध, नशा मुक्ति, महिला एवं बाल सुरक्षा और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरुकता अभियान शुरू किया है। ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि 17 जुलाई से पुलिस की टीमें अलग-अलग गांवों में पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रही हैं। अभियान में एडिशनल एसपी, डीएसपी और थाना अधिकारी भी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताया जा रहा है। साथ ही ड्रग्स बेचने वालों की सूचना देने के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 8764520202 जारी किया है। इस नंबर पर सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही भारत सरकार के “नो ड्रग्स कैंपेन” में भी अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। साइबर अपराध को लेकर एसपी ने कहा कि पढ़े-लिखे लोग भी ठगी का शिकार हो रहे हैं। ऐसे में लोगों को मोबाइल और लैपटॉप के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी जा रही है। यदि किसी के साथ साइबर फ्रॉड होता है तो वह तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कर सकता है। महिला एवं बाल सुरक्षा के लिए 112, 1090 और 108 जैसी हेल्पलाइन का प्रचार किया जा रहा है। राजकॉप ऐप पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी दी जा रही है। कालिका पेट्रोलिंग और डिकॉय ऑपरेशन को भी सक्रिय किया गया है। एसपी ने कहा कि सड़क हादसों में युवाओं की जान जा रही है, इसलिए हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें। आने वाले दिनों में इन सभी विषयों पर बड़े स्तर पर अभियान चलाया जाएगा।