कोटा ग्रामीण के दीगोद तहसील के सरौला गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। गुरुवार की शाम खेत से घर लौट रहे युवक को गांव के चौराहे पर रोककर आरोपी ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले सुल्तानपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कोटा रेफर कर दिया गया। जानकारी अनुसार सरौला निवासी दीपांशु गोचर खेत से लौट रहा था। इसी दौरान गांव के चौराहे पर प्रदीप गुर्जर ने उसे रोक लिया। दोनों के बीच पुरानी रंजिश बताई जा रही है। इसी को लेकर आरोपी ने दीपांशु पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती वारदात के बाद घायल को परिजन तत्काल सुल्तानपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे कोटा रेफर कर दिया। परिजनों ने घायल को कोटा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसका इलाज जारी है। वहीं परिजनों ने सुल्तानपुर थाने में इसकी शिकायत की है।