कोटा में मंगलवार को तीन अलग-अलग जगहों पर सांप और अजगर निकलने की घटना सामने आईं। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल की ओपीडी, गोविंद नगर स्थित किराना दुकान और दादाबाड़ी के प्रजापति छात्रावास में सांप मिलने से लोगों में दहशत फैल गई। तीनों जगह स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने मौके पर पहुंचकर सांपों का रेस्क्यू किया। उन्हें जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया। गोविंद नगर में सांप के काटने से एक किराना व्यापारी घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में दिखा 7 फीट लंबा सांप पहली घटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल की है। यहां सुबह गेट नंबर-2 के पास ओपीडी के अंदर करीब 7 फीट लंबा धामन प्रजाति का सांप दिखाई दिया। सांप को देखकर कर्मचारी घबरा गए और अस्पताल अधीक्षक को सूचना दी। इसके बाद स्नेक कैचर गोविंद शर्मा को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने सांप का रेस्क्यू कर उसे जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया। किराना व्यापारी को ब्लैक कोबरा ने काटा दूसरी घटना उद्योग नगर थाना क्षेत्र के गोविंद नगर की है। यहां मकान के अंदर चल रही किराना दुकान में करीब 5 फीट लंबा ब्लैक कोबरा घुस गया। सांप ने किराना व्यापारी कौशल कुमार के हाथ पर काट लिया। परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। इसके बाद सांप दुकान के अंदर छिप गया। दिखाई देने पर परिजनों ने स्नेक कैचर को बुलाया। गोविंद शर्मा ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कोबरा को पकड़कर जंगल में छोड़ा। घटना की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को भी दी गई। छात्रावास के कमरे में मिला 12 फीट लंबा अजगर तीसरी घटना दादाबाड़ी इलाके के प्रजापति छात्रावास की है। यहां कमरा नंबर-4 में करीब 12 फीट लंबा अजगर बैठा मिला। छात्र ने इसकी सूचना छात्रावास अध्यक्ष को दी। इसके बाद गोविंद शर्मा मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद अजगर का रेस्क्यू कर उसे जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया।