कोटा नगर पालिका आम चुनाव-2026 में ईवीएम में तकनीकी खराबी के चलते कोटा नगर निगम के तीन मतदान बूथ और सुकेत नगरपालिका के एक बूथ पर दोबारा मतदान कराया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पुनर्मतदान की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। आयोग के निर्देश के मुताबिक- नगर निगम कोटा के वार्ड 87 के बूथ नंबर 99, वार्ड 44 के बूथ नंबर 448 और वार्ड 11 के बूथ नंबर 576 तथा नगरपालिका सुकेत के वार्ड 4 के बूथ नंबर 5 पर पुनर्मतदान होगा। तकनीकी खराबी से प्रभावित हुआ रिजल्ट दरअसल, इन बूथों पर वार्ड पार्षद पद के लिए हुए मतदान की 14 सितंबर को काउंटिंग निर्धारित थी। मतगणना के दौरान ईवीएम में तकनीकी खराबी सामने आई, जिसके कारण इन वार्डों का रिजल्ट जारी नहीं हो सका। इस संबंध में मिली रिपोर्ट और परिस्थितियों पर विचार करने के बाद आयोग ने पाया कि मशीनों में आई तकनीकी खराबी के कारण अप्रदर्शित मतों की संख्या निकटतम प्रतिद्वंद्वी के मतों के अंतर से अधिक है। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने राजस्थान नगरपालिका (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 55 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए संबंधित बूथों के मतदान को शून्य घोषित कर दिया। 16 सितंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक वोटिंग अब इन चारों बूथों पर 16 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक पुनर्मतदान कराया जाएगा। 17 सितंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। पुनर्मतदान की सूचना चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों और उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं को लिखित रूप से देने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित क्षेत्रों में ढोल बजाकर या अन्य माध्यमों से भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। मतदान की तारीख, समय और स्थान से संबंधित नोटिस कार्यालय, नगरपालिका, मतदान केंद्र के नोटिस बोर्ड और अन्य प्रमुख स्थानों पर चस्पा किया जाएगा। पुराने मतदाताओं को ही मिलेगा दोबारा वोट डालने का मौका पुनर्मतदान में उन्हीं मतदाताओं को मतदान की अनुमति होगी, जो संबंधित बूथ पर मूल मतदान के लिए अधिकृत थे। मूल मतदान के दौरान उंगली पर लगाई गई अमिट स्याही के निशान को इस बार नजरअंदाज किया जाएगा। पुनर्मतदान में मतदाता के बाएं हाथ की मध्यमा उंगली पर दोबारा अमिट स्याही लगाई जाएगी। मूल मतदान में इस्तेमाल की गई ईवीएम को सील कर सुरक्षित अभिरक्षा में रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। आयोग ने सभी अधिकारियों को जारी निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने को कहा है। --- ये खबर भी पढ़िए- कोटा नगर निगम में 13 करोड़पति चुनाव जीते:11 भाजपा और 2 कांग्रेस, दोनों दलों से 11 साक्षर बने विजेता बनें, जानें पार्षदों की पूरी प्रोफाइल