कोटा शहर के आर.के.पुरम थाना क्षेत्र के आंवली इलाके में एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह हत्या थी, जिसे पारिवारिक विवाद और अवैध संबंधों के चलते अंजाम दिया गया। मामले में मृतक की पत्नी उसके आशिक और उसके दोस्त को को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि शुक्रवार को सूचना मिली थी कि आंवली क्षेत्र में एक व्यक्ति घर में मृत अवस्था में मिला है। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के गले पर चोट के निशान मिलने के बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें हत्या की आशंका मजबूत हुई। इसके बाद मामला दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और स्थानीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों में दिपिका शर्मा, देवेष शर्मा और विष्णु सिंह राठौड़ शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया कि मृतक और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी दौरान पत्नी की नजदीकी देवेष शर्मा से बढ़ गई थी। 4 सालों से दोनों एक दूसरे को जानते हैं। पति के ड्यूटी जाने पर देवेश महिला के घर पर आता जाता रहता था। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों ने आपसी साजिश रचकर मृतक की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को पलंग पर लिटाकर सामान्य मौत दिखाने की कोशिश की गई और आरोपी मौके से फरार हो गए। मुख्य आरोपी देवेष शर्मा को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने कोटा से हिण्डौन सिटी तक पीछा किया। तकनीकी आधार पर आरोपी की लोकेशन करौली क्षेत्र में मिली। पुलिस ने ब्रह्मपुरी कॉलोनी स्थित खेत से घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में विस्तृत अनुसंधान जारी है।