कोटा में भीषण गर्मी के बीच जंगलों और खेतों में आग लगने की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। तेज गर्मी और सूखी वनस्पति के कारण भड़की आग ने कुछ समय के लिए हालात गंभीर बना दिए, हालांकि दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत सूचना देने की अपील की है, ताकि बड़े नुकसान से बचा जा सके। दरअसल, कोटा में बढ़ती गर्मी के बीच शहर और ग्रामीण इलाकों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आ रही है। रविवार को भी अलग-अलग तीन जगहों पर आग की घटनाएं सामने आई। जिससे हडकंप का माहौल रहा। भीषण तापमान और सूखी झाड़ियों के चलते छोटी सी चिंगारी भी बड़े हादसे का रूप ले रही है। पहली घटना- रविवार को डाढ़ देवी स्टेशन के पास स्थित जंगल क्षेत्र में अचानक झाड़ियों में आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यहां सूखी झाड़ियों में आग लग गई थी, जिसके बाद आग फैल गई। दूसरी घटना- खातीखेड़ा गांव में खेतों में तेज गर्मी के चलते नौलाईयों में आग लग गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना प्रशासन को दी, जिसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे इसे ज्यादा दूर तक फैलने से रोक लिया गया। तीसरी घटना- मंडाना क्षेत्र में भी रविवार को खेतों में आग लगने की घटना सामने आई। यहां भी सूखी फसल और तेज गर्मी के कारण आग तेजी से फैल गई, लेकिन दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग को काबू में कर लिया। प्रशासन ने की लोगों को सतर्क रहने की अपील लगातार बढ़ती आग की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि लापरवाही के चलते ऐसे हादसे बढ़ सकते हैं। ग्रामीणों और शहरवासियों से खुले में आग न जलाने और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत सूचना देने की अपील की गई है।