कोटकासिम में जमीन विवाद को लेकर दो सगे भाइयों के बीच मारपीट हुई। बुधवार रात करीब 9 बजे अलीपुर की ढाणी में छोटे भाई रामपाल ने 10-15 बदमाशों के साथ मिलकर अपने बड़े भाई रामावतार पर लाठियों और डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में रामावतार गंभीर रूप से घायल हो गए। बदमाशों ने उनके दोनों हाथ और दोनों पैर तोड़ दिए, साथ ही उनके सिर पर भी कई वार किए। छोटे भाई ने बदमाशों के साथ मिलकर किया हमला रामावतार के जीजा हरियाणा निवासी राज सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया- 45 वर्षीय रामावतार पुत्र अमित चंद्र गुर्जर अलीपुर की ढाणी स्थित अपने घर में सो रहे थे। तभी उनके 25 वर्षीय छोटे भाई रामपाल ने 10-15 बदमाशों को बुलाकर उन पर हमला कर दिया। हमले के बाद रामपाल अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। आरोपी पिता पर भी कर चुका है हमला परिजनों के अनुसार, रामपाल पिछले 12 महीनों से परिवार के सदस्यों से झगड़ा कर रहा था। रामावतार अविवाहित हैं। परिवार में चार सगे भाई हैं, रामावतार, शीशराम, भरतू और रामपाल। इनमें से केवल सबसे छोटे रामपाल की शादी हुई है, जबकि अन्य तीनों भाई अविवाहित हैं। रामपाल चाहता था कि पिता सारी जमीन उसके नाम कर दें। परिजनों ने यह भी बताया कि आरोपी पहले भी अपने पिता पर हमला कर चुका है। गंभीर हालत में अलवर अस्पताल में भर्ती रामावतार को रात करीब 10 बजे कोटकासिम अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत जिला अस्पताल अलवर रेफर कर दिया गया। परिजन रात करीब 12:30 बजे घायल रामावतार को अलवर लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। कोटकासिम थाने में अभी तक इस संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।