कोटपूतली में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर कलेक्ट्रेट में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर अपर्णा गुप्ता, जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह और अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण सहित अधिकारियों व कर्मचारियों ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को स्मरण किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इसके बाद, कलेक्ट्रेट सभागार से राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने प्रदेश में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के छात्रावासों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसी कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। कोटपूतली-बहरोड़ के राजनौता गांव की मेधावी छात्रा दिव्या मीणा को 12वीं कक्षा साइंस में अनुसूचित जनजाति वर्ग में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने के लिए राज्य स्तरीय अंबेडकर शिक्षा पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार राशि प्रदान की गई। जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचार आज के भारत में सामाजिक समानता, संवैधानिक नैतिकता और समावेशी विकास के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं। जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने बताया कि डॉ. अंबेडकर ने लोकतंत्र को केवल शासन का रूप नहीं, बल्कि जीवन जीने का तरीका माना था। उन्होंने "शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो" का नारा देकर शोषितों में आत्मविश्वास जगाया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण ने शिक्षा को सशक्तिकरण का सबसे बड़ा हथियार बताते हुए आत्म-विकास और तार्किक सोच के लिए इसकी अनिवार्यता पर जोर दिया। इस अवसर पर एसडीएम कोटपूतली जगदीश प्रसाद, आयुक्त नगर परिषद अरुण शर्मा, जिला रसद अधिकारी शशि शेखर शर्मा, समाज कल्याण अधिकारी विपिन, एसई पीएचईडी रामनिवास यादव, जिला शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद मीणा, उप निदेशक सूचना एवं प्रौद्योगिकी सुनील मीणा, एमई खनन अमीचंद दुहारिया और वन विभाग से सतपाल ढिलान सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।