कोटपूतली के प्रागपुरा थाना की बागावास पुलिया से करीब 100 मीटर पहले एक चलती कार में अचानक आग लग गई। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन पूरी तरह जल गया। ससुराल जाते समय गाड़ी से जलने की गंध महसूस हुई भारतीय सेना में कार्यरत जवान कोटपूतली निवासी प्रकाश सैनी पुत्र पोखरमल सैनी कार से ऊंची कोठी स्थित ससुराल जा रहे थे। रास्ते में उन्हें गाड़ी के अंदर से धुएं की गंध महसूस हुई। स्थिति को भांपते हुए उन्होंने तुरंत कार को साइड में रोका और बाहर निकल गए। जैसे ही प्रकाश सैनी गाड़ी से दूर हुए, अचानक एक तेज धमाके के साथ कार में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही समय में वाहन जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। 20 मिनट में पानी और फोम की मदद से काबू पाया सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायरमैन ख्यालीराम यादव, राहुल और डीसीपीओ सचिन सेन सहित टीम ने करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद पानी और फोम की मदद से आग पर काबू पाया। पावटा नगरपालिका अग्निशमन प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि दमकल तुरंत रवाना कर दी गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है। घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।