बेटी को महिला पर्यवेक्षक की परीक्षा दिलाने प्रतापगढ़ से बांसवाड़ा आए पिता की लौटते वक्त सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा सदर थाना क्षेत्र के जानामेड़ी गांव के पास शुक्रवार दोपहर में हुआ। पिता-बेटी ऑटो में सवार थे। बेकाबू होकर ऑटो पलट गया। ​सदर थाना पुलिस के एएसआई दशरथ सिंह ने बताया- प्रतापगढ़ जिले के छोटी सादड़ी क्षेत्र के सेमरथली गांव के रहने वाले अम्बालाल प्रजापत (47) पुत्र सवराम अपनी बेटी माया को महिला पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए बांसवाड़ा के परीक्षा केंद्र लियो कॉलेज पहुंचे थे। एग्जाम के बाद ऑटो से निकले परीक्षा कंपलीट होने के बाद पिता-पुत्री ऑटो में सवार होकर वापस प्रतापगढ़ के लिए रवाना हुए। इस दौरान जानामेड़ी गांव के पास ऑटो बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में अम्बालाल गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि बेटी और ड्राइवर को हल्की चोटें आईं। मौके पर जुटे लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर्स ने अम्बालाल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस कर रही जांच ​घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। दुर्घटना को लेकर पुलिस ने आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की।