कोटपूतली में राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर पावटा स्थित दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बसों की सघन जांच की गई। इस अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर तीन बसों का चालान किया गया, जबकि एक बस को सीज कर दिया गया। ये विशेष अभियान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोटपूतली की सचिव नीलम मीणा के नेतृत्व में चलाया गया। इसमें जिला परिवहन अधिकारी सुनील कुमार सैनी और पुलिस विभाग की टीम भी शामिल थी। निरीक्षण के दौरान बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, आवश्यक दस्तावेज, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस और यात्रियों की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने बस चालकों और परिचालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने के निर्देश दिए। जांच में कुल तीन बसों का निरीक्षण किया गया। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तीनों बसों के चालान किए गए। एक बस में अनधिकृत परिवर्तन मिलने के कारण उसे सीज कर दिया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।