कोटपूतली जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में वर्ष 2024-25, 2025-26 और 2026-27 की बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को बजट घोषणाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि बजट घोषणाएं समय पर धरातल पर उतरें और आमजन को योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने लंबित कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा में उन्हें पूरा करने पर जोर दिया। इन परियोजनाओं की हुई समीक्षा बैठक में बस स्टैंड, खेल स्टेडियम, सीएचसी एवं पीएचसी के उन्नयन और निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, जीएसएस, एनीकट और जलाशय निर्माण, नई पाइपलाइन बिछाने, इको टूरिज्म स्थलों का विकास, नए औद्योगिक क्षेत्र, कृत्रिम जलाशय, सड़क निर्माण, बाल गृह, ऑब्जर्वेशन होम, अनुसूचित जाति एवं जनजाति वृत्त कार्यालय, मानव तस्करी विरोधी यूनिट और मेंटल हेल्थ केयर सेंटर की स्थापना सहित विभिन्न बजट घोषणाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। संपर्क पोर्टल की शिकायतों का जल्द करें निस्तारण जिला कलेक्टर ने बैठक में राजस्थान संपर्क पोर्टल 2.0 पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करते हुए उनका शीघ्र निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। 'मिशन हरियालो राजस्थान' पर भी दिया जोर बैठक में 'मिशन हरियालो राजस्थान' अभियान की प्रगति की भी समीक्षा हुई। कलेक्टर ने विभागवार निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप व्यापक पौधारोपण कराने और लगाए गए पौधों की अनिवार्य रूप से जियो-टैगिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से अभियान को सफल बनाकर पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को प्रभावी रूप से हासिल किया जाए। बैठक में एसीईओ गोपाल लाल मीणा, सीएमएचओ डॉ. आशीष शेखावत, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी अशोक कुमार, अधीक्षण अभियंता जेवीवीएनएल राधेश्याम बंसल, डीईओ मनोरमा यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।