आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए शुक्रवार को कोटपूतली कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई हुई। जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने इसकी अध्यक्षता की, जिसका मुख्य उद्देश्य आमजन को राहत प्रदान करना था। जनसुनवाई के दौरान पेंशन, अतिक्रमण, रास्ता, सड़क, पट्टा, सफाई, बिजली, पेयजल, सीमाज्ञान, भूमि विवाद, पुलिस, अवैध खनन, राशन और कानून व्यवस्था सहित विभिन्न प्रकार के प्रकरणों को सुना गया। जिला कलेक्टर ने सभी प्रकरणों के नियमानुसार निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान जिले के सभी उपखंड अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आमजन के प्रकरणों को संवेदनशीलता से सुनें और आपसी समन्वय से उनके हित में कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों से आमजन के साथ कुशल और सभ्य व्यवहार करने तथा अपने अधीनस्थ कार्यालयों के कार्यों की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में मौके पर ही परिवादियों की समस्या सुनकर समाधान के प्रयास किए जाएं, ताकि उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल, जनसुनवाई और जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रकरणों का निस्तारण कर पोर्टल पर अपडेट किया जाए और इस कार्य को प्राथमिकता दी जाए, इसमें कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण, एसडीएम जगदीश कुमार, एएसपी नाजिम अली, आयुक्त नगर परिषद अरुण शर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।