कोटपूतली के गोवर्धनपुरा-कुजोता मार्ग पर रविवार शाम एक ट्रेलर और बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार गंभीर घायल हो गया। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद अब ग्रामीण सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे हैं। दुकान बंद कर घर लौट रहा था जानकारी के अनुसार - बाइक सवार युवक महेंद्र कुमावत(40) कुम्हारों की ढाणी, कुजोता का रहने वाला था। वह रविवार शाम दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहा था। इस दौरान गोवर्धनपुरा पुलिया के नीचे एक ओवरलोड ट्रेलर (टिपर) ने बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महेंद्र को राजकीय बीडीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी जान चली गई। ग्रामीणों ने की सड़क जाम हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। उन्होंने भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर रोक लगाने और मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की। ग्रामीणों ने मार्ग पर बैरिकेडिंग और स्पीड ब्रेकर लगाने की भी मांग की। प्रदर्शन के बाद सरुंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत कर जाम खुलवाने की कोशिश की। लेकिन ग्रामीणों ने धरना हटाने से मना कर दिया। फिलहाल प्रदर्शन जारी है।