कोटपूतली के श्री कृष्ण महिला छात्रावास में एक मोटिवेशनल जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रावास में अध्ययनरत 52 छात्राओं को ट्रैक सूट और शूज वितरित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस सेमिनार में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए समाज के लोगों ने भाग लिया और समाज में फैली कुरीतियों को समाप्त करने तथा बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया। यह आयोजन पूर्व पीएमओ डॉ. आर.आर. यादव और पूर्व समाज अध्यक्ष गिरधारी लाल गुरुजी के सानिध्य में आयोजित किया गया। संस्कार और संस्कृति से जुड़ने पर दिया जोर मुख्य अतिथि अजीतगढ़ के प्रधान एडवोकेट शंकर लाल यादव ने कहा कि युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और लोक संस्कृति से जोड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने पारंपरिक नृत्य, संगीत और कला के महत्व को बताते हुए युवाओं को संस्कारवान बनने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसील अध्यक्ष रामौतार यादव ने की, जबकि संयोजक प्रवक्ता डॉ. रामकरण यादव ने छात्राओं को ट्रैक सूट और शूज वितरित किए। शिक्षा के साथ अनुशासन और तकनीकी ज्ञान पर बल पूर्व पीएमओ डॉ. आर.आर. यादव ने अपने संबोधन में जीवन के सकारात्मक और नकारात्मक पहलुओं को समझाते हुए छात्राओं को आधुनिक शिक्षा और तकनीकी बदलाव के अनुसार आगे बढ़ने की सलाह दी। महिला शिक्षा को बताया सबसे बड़ी प्राथमिकता अति विशिष्ट अतिथि झुंझुनूं जिला अध्यक्ष शकुंतला यादव ने महिला शिक्षा को वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत बताया और इसे बढ़ावा देने में समाज के सहयोग पर जोर दिया। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए समाज प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे और छात्राओं को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर नीमकाथाना, सीकर, जयपुर, शाहपुरा और श्रीमाधोपुर के समाज अध्यक्षों सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में अमित यादव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।