कोटपूतली शहर के भगवान नरसिंह मंदिर और पुजारी के बड़े भाई के घर में बुधवार तड़के चोरी की घटना हुई। चोरों ने मंदिर परिसर के करीब आधा दर्जन कमरों के ताले तोड़े और सामान खंगाला। इसके साथ ही, पुजारी के बड़े भाई के सूने मकान से नकदी, कपड़े और आर्टिफिशियल ज्वेलरी चोरी कर ली गई। पुजारी आरती के लिए आए तो ताले टूटे मिले मंदिर के पुजारी अमित शर्मा ने बताया कि वे सुबह करीब 4 बजे आरती के लिए मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने कमरों के ताले टूटे हुए पाए। इसके तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस सूचना मिलने के लगभग छह घंटे बाद मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। बड़े भाई के घर से भी चोरी अमित शर्मा ने पुलिस के आने के बाद दिल्ली में रहने वाले अपने बड़े भाई संतोष शर्मा को फोन कर घर की जांच करने के लिए कहा। सुबह करीब 10 बजे संतोष शर्मा के घर पहुंचने पर पता चला कि चोरों ने वहां भी ताले तोड़कर प्रवेश किया था। मकान से नकदी, कपड़े और आर्टिफिशियल ज्वेलरी सहित अन्य सामान गायब मिला। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौका-मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। एक ही रात में मंदिर और पुजारी के परिवार के मकान में हुई चोरी से क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है।