कोटपूतली में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में नीट-2026 परीक्षा रद्द होने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। यह प्रदर्शन कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंद्राज गुर्जर के निर्देश पर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए। पेपर लीक को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व प्रकाश चंद सैनी और सतीश निमोरिया ने किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नीट-2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक के कारण लाखों छात्रों का भविष्य संकट में पड़ गया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि परीक्षा रद्द होने से छात्रों की महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया है और इससे युवाओं में भारी निराशा का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। पूर्व संसदीय सचिव रामस्वरूप कसाणा ने कहा- नीट यूजी-2026 परीक्षा रद्द होने से लाखों छात्र और उनके अभिभावक चिंता में हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा दोबारा आयोजित होने की स्थिति में छात्रों का समय बर्बाद होगा और उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ेगा। रामस्वरूप कसाणा ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं से एजेंसी की विश्वसनीयता कमजोर हुई है। NTA भंग करने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पेपर लीक माफियाओं ने लाखों छात्रों के सपनों को कुचल दिया है, जबकि सरकार इस पूरे मामले में निष्क्रिय बनी हुई है। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और NTA को तत्काल भंग करने की मांग दोहराई। कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश गुप्ता, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामनिवास यादव, पीसीसी महासचिव (चिकित्सा प्रकोष्ठ) डॉ. अभिलाष मीणा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष मंजू रावत, अल्पसंख्यक विभाग जिलाध्यक्ष मुन्नानुदीन कुरैशी, नगर नियोजन विभाग जिलाध्यक्ष हनुमान सैनी, एसटी जिलाध्यक्ष तारा पूतली और सरपंच संघ प्रदेश उपाध्यक्ष जगमाल सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।