कोटपूतली में शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे एक घंटे तक तेज बारिश हुई। अक्टूबर के बीच हुई इस बारिश से मौसम में बदलाव आया और हल्की गुलाबी सर्दी महसूस होने लगी। बारिश से खेतों में नमी बढ़ गई है, जिससे रबी सीजन की फसलों की बुवाई करने वाले किसानों को फायदा मिलने की उम्मीद है। इस बारिश को सरसों, चना और गेहूं सहित रबी की फसलों की बुवाई के लिए अच्छा माना जा रहा है। खेतों में पर्याप्त नमी होने से किसानों को बुवाई से पहले खेत तैयार करने में आसानी होगी। कृषि उपनिदेशक डॉ. रामजी लाल यादव ने किसानों को सलाह दी है कि वे खेत में नमी देखकर ही बुवाई करें। सरसों और चने के लिए प्रमाणित बीजों का इस्तेमाल करें। विशेषज्ञों की सलाह से बुवाई करने पर फसल में बीमारियों का खतरा कम होगा और अच्छा उत्पादन मिल सकता है।