रबी सीजन में किसानों को समय पर यूरिया, डीएपी और दूसरे उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने साफ किया कि वितरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कालाबाजारी, अवैध भंडारण और गैर-कृषि उपयोग पर कड़ी नजर रखने को कहा। उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण की समीक्षा के लिए मंगलवार को कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल और राजफैड के प्रबंध निदेशक सौरभ स्वामी की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंस हुई। इसमें कृषि और सहकारिता विभाग के अधिकारी शामिल हुए। 'जरूरत के हिसाब से उर्वरक देना सबसे जरूरी' गोयल ने कहा कि किसानों को उनकी जरूरत के हिसाब से उर्वरक देना सबसे जरूरी है। उन्होंने यूरिया और डीएपी का जिलेवार आवंटन खपत व फसल की जरूरत के हिसाब से करने के निर्देश दिए। किसानों को इनके साथ दूसरे उत्पाद खरीदने के लिए मजबूर न किया जाए, बिना शर्त उर्वरक मिलें। अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई होगी। कृषि आयुक्त ने अधिकारियों को संतुलित उर्वरक उपयोग के लिए जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए, ताकि मिट्टी की उर्वरता बनी रहे। राजफैड के प्रबंध निदेशक सौरभ स्वामी ने कहा कि किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए कृषि एवं सहकारिता विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उपलब्ध स्टॉक, मांग और वितरण की नियमित समीक्षा की जाए। साथ ही उर्वरक आपूर्तिकर्ता कंपनियां निर्धारित आवंटन के अनुसार समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करें।