करौली जिले की कुड़गांव थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1.40 ग्राम अवैध स्मैक और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न मामलों में पांच प्रकरण दर्ज हैं। एसपी लोकेश सोनवाल के निर्देश पर कुड़गांव थाना पुलिस गश्त कर रही थी। गांव खिरखिड़ा के हार क्षेत्र में गश्त के दौरान एक व्यक्ति पुलिस वाहन को देखकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर बरामद हुई स्मैक पूछताछ में आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। तलाशी लेने पर उसके पास से 1.40 ग्राम अवैध स्मैक और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ। मादक पदार्थ रखने का कोई वैध लाइसेंस या अनुमति पत्र नहीं मिलने पर पुलिस ने स्मैक और मोबाइल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान खिरखिड़ा निवासी रघुवीर उर्फ भगत (60) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी रघुवीर उर्फ भगत के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपए है। आरोपी के विरुद्ध पहले से भी विभिन्न थानों में मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े सहित 5 मामले दर्ज हैं।