मेवाड़ी गेट के बाहर स्थित कुंदन नगर में गुरुवार को महिलाओं ने करवा चौथ का व्रत रखा। उन्होंने पति की लंबी उम्र और परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। महिलाओं ने निर्जला व्रत रखा और सोलह श्रृंगार कर पारंपरिक रीति-रिवाजों से पर्व मनाया। कुंदन नगर महिला मंडल की प्रमुख उषा गर्ग के नेतृत्व में उनके आवास पर सामूहिक पूजा हुई। महिलाएं करीब दो घंटे तक एकत्रित रहीं और चौथ माता की कथा सुनी। उन्होंने एक-दूसरे को करवा चौथ की शुभकामनाएं दीं। नवविवाहिताओं अक्षिता गर्ग और आंचल ने बताया कि वे लंबे समय से इस दिन का इंतजार कर रही थीं। उन्होंने अपनी सखियों के साथ पर्व मनाया और खुशियां साझा कीं। महिलाओं ने सुबह से तैयारियां कीं। उन्होंने एक-दूसरे के हाथों में मेहंदी लगाई, नए कपड़े पहने और सोलह श्रृंगार किया। पूजा से पहले उन्होंने हाऊजी, कुर्सी दौड़ और चम्मच दौड़ सहित कई खेलों में हिस्सा लिया। वरिष्ठ महिलाओं नीरू जैन और शकुंतला सांड ने करवा चौथ को सुहागिन महिलाओं के पवित्र व्रतों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व पति की लंबी उम्र और वैवाहिक जीवन की सुख-समृद्धि का प्रतीक है। महिलाओं ने चांद देखने के बाद व्रत खोला। रात को चंद्रमा के दर्शन होने पर महिलाओं ने चलनी से चांद और फिर अपने पति का चेहरा देखकर पूजा की। इसके बाद पतियों ने अपनी पत्नियों को मिठाई खिलाकर व्रत खुलवाया। पर्व के दौरान महिलाओं ने डांडिया और गरबा खेलकर उत्सव की खुशियां मनाईं। इस अवसर पर डिंपल गर्ग, नीरू जैन, सिम्पल श्रीश्रीमाल, मंजू बोहरा, पूनम बुरड़, पूजा बोहरा, सौम्या बुरड़, साक्षी सांड, अंतिमा बंब, रेखा शर्मा, टीना मकाणा, ब्रजलता बोहरा, चंचल बोहरा, सोनम जैन, रेनू सांड, उषा गर्ग, नम्रता बुरड़, आंचल गर्ग, खुशबू चौपड़ा, भावना हिंगड़ और अक्षिता गर्ग सहित अनेक महिलाएं मौजूद रहीं।