भास्कर संवाददाता|टोंक राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के निर्देशानुसार प्रयोगशाला सहायक सीधी भर्ती परीक्षा की शुरुआत 9 मई से होगी। यह दो दिन तक चलेगी। परीक्षा के लिए कुल 47 हजार 457 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा को लेकर सभी प्रकार की तैयारियां पूरी कर लिए जाने का दावा किया गया है। परीक्षा समन्वयक एवं एडीएम रामरतन सौकरिया ने बताया कि जिला मुख्यालय पर 9 मई को प्रयोगशाला सहायक भूगोल सीधी भर्ती परीक्षा सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक एक पारी में होगी। 10 मई को प्रयोगशाला सहायक एवं कनिष्ठ प्रयोगशाला सहायक विज्ञान संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 का आयोजन होगा। प्रथम पेपर सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक होगा। द्वितीय पेपर दोपहर 3 से सायं 5 बजे तक होगा। पहले दिन होने वाली एक ही पारी की परीक्षा के लिए 38 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 29 केंद्र निजी स्कूलों व कॉलेजों में हैं। 9 केंद्र सरकारी स्कूलों में हैं। पहले दिन के लिए 19 पेपर कोऑर्डिनेटर व 67 ऑब्जर्वर लगाए गए हैं।