बरनाला तहसील क्षेत्र के ग्राम टिगरिया में मोरेल नदी की पुलिया पर आमजन की सुरक्षा को लेकर स्थानीय प्रशासन बेखबर नजर आ रहा है। हालात ऐसे हैं कि मानो प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा हो। पुलिया के पास सड़क टूटी हुई है। दिनभर सैकड़ों वाहनों का आवागमन रहता है। टूटी सड़क के दोनों ओर सुरक्षा बैरिकेड्स नहीं हैं। कुछ दिन पहले ट्रैक्टर-ट्रॉली नदी में गिर गई थी। चालक समय रहते कूद गया। जान बच गई। पुलिया पर लगे कई सुरक्षा पिलर भी टूट चुके हैं। जरा सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। मंगलवार को ताजा उदाहरण सामने आया। पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। नदी में उतरने का आसान रास्ता था। दो राहगीर पानी देखकर नहाने उतर गए। इनमें एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद भी प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया। न पुलिया पर पुख्ता इंतजाम किए गए। न नदी में नहाने वालों को रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था की गई। न चेतावनी की कोई व्यवस्था की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल्द जरूरी सुरक्षा उपाय नहीं हुए तो आगे और बड़े हादसे हो सकते हैं। मोरेल नदी पर टूटी सड़क में सुरक्षा के इंतजाम नहीं होने से हादसे की आशंका है।