लालसोट में एक ही परिवार के सात लोगों की खाना खाने के बाद तबीयत खराब होने का मामला सामने आया है। सभी को लालसोट उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल, सभी मरीजों की हालत खतरे से बाहर है। लालसोट उपजिला अस्पताल के डॉक्टर ने बताया- बुधवार देर शाम अजबपुरा गांव से एक परिवार के 7 सदस्य उल्टी दस्त की शिकायत के साथ अस्पताल में भर्ती हुए थे। सभी का समय रहते जरूरी इलाज किया गया। फिलहाल सभी खतरे से बाहर हैं। इन सात लोगों की बिगड़ी तबीयत फूड प्वाइजनिंग से प्रभावित लोगों में जगदीश (65), बनवारी (30) पुत्र जगदीश, करिश्मा (25) पत्नी बनवारी, अमन (12) पुत्र पृथ्वी राज , उगन्ती (30) पत्नी पृथ्वी राज, रिद्धि (3) पुत्री सुनील और बीना (26) पत्नी सुनील शामिल हैं। अस्पताल में सभी का चिकित्सकीय निगरानी में इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों की प्रारंभिक जांच में मामला फूड प्वाइजनिंग का पाया गया है। परिवार ने रात की बासी दाल खाई थी परिवार का मुखिया जगदीश ने बताया- घर में मंगलवार शाम को दाल बनाई गई थी। आज बुधवार को दोपहर में परिवार के सदस्यों ने बची हुई उसी दाल का खा लिया। खाना खाने के कुछ ही समय बाद सभी को उल्टी, दस्त और घबराहट जैसी शिकायतें होने लगीं। हालत बिगड़ने पर परिजन तुरंत सभी को लालसोट उपजिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया।