भास्कर न्यूज | लांबाहरिसिंह झाड़ली क्षेत्र में बिजली ट्रिपिंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए बजट 2026 में स्वीकृत 33/11 केवी सब स्टेशन के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। गुरुवार को कलेक्टर टीना डाबी ने बिजली निगम के लिए ग्राम पंचायत झाड़ली के खसरा नंबर 211 में 1 बीघा भूमि आवंटन की स्वीकृति जारी की। यह भूमि 33/11 केवी सब स्टेशन के निर्माण के लिए दी गई है, जहां जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। झाड़ली के प्रशासक सत्यनारायण मेघवंशी ने बताया कि लंबे समय से गांव में ओवरलोडिंग के कारण बार-बार बिजली ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई थी, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। निगम के इंजीनियर अमित कुमार शर्मा ने बताया कि भूमि का सीमांकन कर जल्द ही आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। नए सब स्टेशन के निर्माण से क्षेत्र का लोड कम होगा और ग्रामीणों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। प्रस्तावित सब स्टेशन में एमबी क्षमता का ट्रांसफॉर्मर लगाया जाएगा, जिससे देवल, झाड़ली सहित आसपास के एक दर्जन गांवों को वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या से राहत मिलेगी। वर्तमान में लांबाहरिसिंह 33/11 केवी स्टेशन से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की जा रही है, लेकिन गर्मी के मौसम में लोड बढ़ने से अक्सर परेशानी होती है। नए सब स्टेशन के निर्माण से इस समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद जताई जा रही है। इंजीनियर अमित कुमार शर्मा ने बताया कि सब स्टेशन का निर्माण के लिए के अनुमानित राशि सवा करोड़ के लगभग है। सब स्टेशन की कुल लागत टेंडर प्रक्रिया के बाद जारी होगा। इस निर्माण कार्य को लेकर टेंडर प्रक्रिया के बाद शुरू होगा। एक ट्रांसफॉर्मर 3.15 एमबीए क्षमता का लगेगा। इससे झाड़ली, सूरजपुरा, किशनपुरा, लाम्याजुनारदार, सूरजपुरा देवल, बड़ी छोटी बादोलाव सहित एक दर्जन गांवों आस-पास की ढाणियों को सीधा फायदा मिलेगा।