कोटपूतली के राजकीय एलबीएस पीजी कॉलेज में स्नातक सेमेस्टर प्रथम के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए एक विशेष ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय 'नव आरंभ, नव संकल्प, उज्ज्वल भविष्य की ओर एक कदम' था, जिसकी अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. आर. के. सिंह ने की। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। शिक्षकों के मार्गदर्शन का लाभ उठाने की अपील की मुख्य वक्ता डॉ. एम. पी. कुमावत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कॉलेज जीवन केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण की तैयारी का महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने छात्रों से कक्षाओं में नियमित उपस्थिति, नई शिक्षा नीति के अनुसार अध्ययन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का लाभ उठाने की अपील की। डॉ. कुमावत ने एनएसएस, एनसीसी, खेलकूद और अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए भी प्रोत्साहित किया। प्राचार्य प्रो. आर. के. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्रों को नियमित अध्ययन, समय के सदुपयोग और कड़े अनुशासन का संदेश दिया। प्राचार्य ने कॉलेज नियमों के तहत 75 प्रतिशत उपस्थिति की अनिवार्यता पर जोर देते हुए विद्यार्थियों से सभी शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक अवसरों का लाभ उठाने का आग्रह किया। रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के बारे में बताया डॉ. पी. सी. जाट ने नए छात्रों को महाविद्यालय के इतिहास, परिचय और संचालित पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नई शिक्षा नीति के तहत लागू सेमेस्टर प्रणाली, एनएसएस, एनसीसी, स्काउट-रोवर/रेंजर, खेलकूद, साहित्यिक व सांस्कृतिक गतिविधियों, कैरियर काउंसलिंग, प्लेसमेंट सेल और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के बारे में भी विस्तार से बताया। कार्यक्रम का समापन प्रो. कपूर चंद वर्मा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों, संकाय सदस्यों और नवप्रवेशित विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कॉलेज स्टाफ सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।