द लीला पैलेस जयपुर के प्रतिष्ठित रूफटॉप बार द एम्बर टैरेस में 18 जुलाई को अल्बानिया के विश्वप्रसिद्ध कॉकटेल बार 'नूवेल वाग (Nouvelle Vague)' का एक्सक्लूसिव वन-नाइट गेस्ट शिफ्ट आयोजित किया जाएगा। यह बार हाल ही में 'द वर्ल्ड्स 50 बेस्ट बार्स 2025' की सूची में 28वें स्थान पर शामिल हुआ है। यह विशेष आयोजन जयपुर के मेहमानों को विश्वस्तरीय मिक्सोलॉजी का अनुभव देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान नूवेल वाग की पुरस्कार विजेता बार टीम और द एम्बर टैरेस के बारटेंडर्स मिलकर एक विशेष कॉकटेल मेन्यू पेश करेंगे, जिसमें अल्बानिया और राजस्थान की संस्कृति, स्वाद और पारंपरिक वनस्पतियों से प्रेरित सिग्नेचर ड्रिंक्स शामिल होंगी। स्थानीय स्वाद और वैश्विक अनुभव का अनूठा संगम साल 2012 में दो भाइयों और उनके परिवार की ओर से स्थापित नूवेल वाग ने अल्बानिया की पारंपरिक सामग्री, स्थानीय स्वाद और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक कॉकटेल कला से जोड़कर अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई है। इसके चर्चित 'Origin'Al Cocktail Programme' को दुनिया भर में सराहा गया है, जिसमें स्थानीय सामग्री और भूली-बिसरी परंपराओं को नई शैली में प्रस्तुत किया जाता है। वहीं, द लीला पैलेस जयपुर का द एम्बर टैरेस भी अपनी विशिष्ट 'रूट-टू-फ्रूट' फिलॉसफी के लिए जाना जाता है। यह अवधारणा राजस्थान की वनस्पति संपदा, जड़ी-बूटियों, मसालों, फूलों, फलों और पारंपरिक स्वादों को आधुनिक कॉकटेल्स के रूप में प्रस्तुत करती है। इस विशेष शाम में दोनों बार की रचनात्मक सोच का अनूठा मेल देखने को मिलेगा। वाइस प्रेसिडेंट एवं जनरल मैनेजर अनुप पांडे ने कहा कि उनका उद्देश्य जयपुर को अंतरराष्ट्रीय स्तर के फूड और बेवरेज अनुभवों का प्रमुख केंद्र बनाना है। उन्होंने कहा कि विश्वप्रसिद्ध बार और शेफ्स के साथ ऐसे सहयोग शहर के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहे हैं और मेहमानों को वैश्विक गुणवत्ता के साथ भारतीय आतिथ्य का अनूठा अनुभव प्रदान कर रहे हैं। कॉकटेल्स के साथ मेहमानों को द एम्बर टैरेस के विशेष पैन-एशियन मेन्यू का भी आनंद लेने का अवसर मिलेगा। इसमें हैंडक्राफ्टेड डिमसम, रोबाटायाकी, सुशी, टेप्पनयाकी और कई आधुनिक शेयरिंग प्लेट्स शामिल होंगी, जिन्हें विशेष रूप से कॉकटेल्स के साथ पेयर किया गया है।