ओवरलोड ट्रक से ज्यादा टोल शुल्क मांगने पर ड्राइवर गुस्सा हो गए। लाठी- सरिये लेकर ट्रक से नीचे उतरे और टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट की। ड्राइवर समेत ट्रक में सवार अन्य साथियों ने टोल प्लाजा पर खड़ी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की और पत्थर फेंके। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ओवरलोड ट्रक से उतरे लोग मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना बीकानेर से पंजाब जाने वाले नेशनल हाईवे पर हरियासर टोल प्लाजा पर आज (सोमवार) सुबह करीब 9 बजे हुई। लूणकरनसर थाना पुलिस ने मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। देखिए- घटना से जुड़ी 3 तस्वीरें ओवरलोड ट्रक से टोलकर्मचारियों ने मांगे थे ज्यादा पैसे टोल कर्मचारियों ने पुलिस को रिपोर्ट दी है, बताया कि लेन न. 1 में सुबह करीब 9 बजे ड्राइवर समेत तीन युवक ओवरलोड ट्रक लेकर टोल प्लाजा पहुंचे थे। टोल शुल्क को लेकर उनका कर्मचारियों से विवाद हो गया। इसके बाद तीनों युवक गाली-गलौज करने लगे, फिर लाठी- सरिये लेकर मारपीट की। पत्थर फेंके। टोल कर्मचारियों का कहना है- ट्रक से उतरे लोगों ने टोल प्लाजा पर खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया और उनमें आग लगाने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी युवकों के साथियों का दूसरा ट्रक भी टोल प्लाजा पहुंचा और उसमें सवार लोग भी उतरकर मारपीट करने लगे। इस दौरान टोल स्टाफ के कुछ कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए है, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया है। टोल मैनेजर से मिली सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात काबू में किए। थानाधिकारी बोले- शांतिभंग के आरोप में 5 युवक गिरफ्तार किए हैं लूणकरनसर थानाधिकारी गणेश विश्नोई का कहना है- मामले में 5 लोगों को शांतिभंग करने के मामले में गिरफ्तार किया है। इनमें अलादिता, सलीम, अलार खां, सलीम पुत्र सादक अली, असिफ शामिल है। सभी हनुमानगढ़ के रहने वाले हैं। थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी के ट्रक ओवरलोड थे, जिनसे टोल कर्मचारियों ने ज्यादा टोल शुल्क मांगा था, इसी कारण ट्रक में सवार लोग गुस्सा हो गए थे और लाठी- सरियों से मारपीट करने लगे थे। हालांकि मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर ली। फिलहाल जांच की जा रही है।