कोटा-बूंदी संसदीय क्षेत्र में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की पहल पर छात्रों के लिए "अपने संविधान को जानें" प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस छात्र हितैषी पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संविधान के मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों से जोड़ना है। प्रतियोगिता में 3 लाख 20 हजार विद्यार्थियों के पंजीकरण का लक्ष्य रखा गया है। इस प्रतियोगिता में कोटा-बूंदी लोकसभा क्षेत्र के 2505 राजकीय और निजी विद्यालयों के कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी भाग लेंगे। इच्छुक छात्र 10 जुलाई तक अपने विद्यालय के माध्यम से पंजीकरण करवा सकते हैं। जिन विद्यालयों में अभी तक पंजीकरण नहीं हुआ है, वे निर्धारित तिथि से पहले यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। 3 प्रकार के पेपर किए जाएंगे तैयार प्रतियोगिता को रोचक और ज्ञानवर्धक बनाने के लिए 3 प्रकार के पेपर तैयार किए जाएंगे। लिखित परीक्षा के साथ-साथ सभी विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान संविधान से संबंधित प्रश्न भी पूछे जाएंगे। इससे विद्यार्थियों में संविधान के प्रति जिज्ञासा और जागरूकता बढ़ेगी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इस अवसर पर कहा कि संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। उन्होंने जोर दिया कि यदि युवा इसे बचपन से समझेंगे तो देश का भविष्य और मजबूत होगा। इसी सोच के साथ यह प्रतियोगिता शुरू की गई है। संसद भ्रमण का मिलेगा मौका इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को संसद भ्रमण के लिए भेजा जाएगा। विजेता छात्र देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था को करीब से देख सकेंगे और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझ सकेंगे। आयोजकों का मानना है कि यह अवसर विद्यार्थियों के जीवन में प्रेरणा का नया अध्याय जोड़ेगा। शिक्षाविदों और अभिभावकों ने इस पहल की सराहना की है। उनका कहना है कि "अपने संविधान को जानें" जैसी प्रतियोगिताएं बच्चों में देशभक्ति, अनुशासन और नागरिक कर्तव्यों की भावना विकसित करेंगी। जिला शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों को अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीकरण करवाकर इस पहल को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।