बीकानेर में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 वाहनों को पकड़ा है। इन वाहनों से कुल 13.26 लाख रुपए से अधिक की पेनल्टी वसूली गई है। कार्रवाई के बाद अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया। खनिज अभियंता एम.पी. पुरोहित ने बताया कि जिला कलेक्टर निशांत जैन के निर्देश पर शुक्रवार को खनिज अभियंता कार्यालय की तकनीकी टीम ने लूणकरणसर क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान सात वाहनों को पकड़ा। इनमें छह वाहन मुरम, कंकर और मेसनरी स्टोन का अवैध परिवहन कर रहे थे, जबकि एक वाहन बिना रवन्ना के सिलिका सैंड ले जा रहा था। जांच के दौरान इनमें से तीन वाहन ओवरलोड भी पाए गए। सभी वाहन चालकों और मालिकों से कुल 8 लाख 94 हजार 350 रुपए की पेनल्टी राशि राजकोष में जमा करवाई गई। इसी दिन खनिज अभियंता (सतर्कता) टीम ने श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में भी कार्रवाई की। यहां चार वाहनों को मेसनरी स्टोन (क्रशर गिट्टी) का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। इनसे 4 लाख 32 हजार 400 रुपए की पेनल्टी वसूली गई। खनन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।