गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह की अध्यक्षता में 'मां री संभाल' अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अभियान के दौरान आने वाली प्रत्येक गर्भवती महिला की सभी आवश्यक स्वास्थ्य जांच समय पर की जाए और उन्हें गर्भावस्था से जुड़ी जरूरी स्वास्थ्य जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। जिला कलक्टर ने अभियान के तहत लगाए जा रहे शिविरों का औचक निरीक्षण करने और प्रतिदिन होने वाली स्वास्थ्य जांचों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाली गर्भवती महिलाओं की केवल जांच ही नहीं, बल्कि उनकी समुचित काउंसलिंग भी की जाए, ताकि वे गर्भावस्था के दौरान आवश्यक सावधानियों और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक हो सकें। टीवी के जरिए स्वास्थ्य संबंधी वीडियो दिखाने के निर्देश महिलाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए जिला कलक्टर ने शिविरों में टीवी के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी वीडियो और उपयोगी जानकारी प्रसारित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि जिस गांव में शिविर आयोजित किया जाना है, वहां की महिलाओं को पहले से सूचना भेजी जाए, ताकि अधिक से अधिक गर्भवती महिलाएं शिविर का लाभ उठा सकें। बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि 'मां री संभाल' अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भावस्था से जुड़े जोखिमों की समय रहते पहचान करना और सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करना है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को निर्देश दिए कि लापरवाही बरतने वाले डॉक्टरों और अन्य कार्मिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। 3 जुलाई को जिले में 21 स्थानों पर लगेंगे स्वास्थ्य शिविर सीएमएचओ डॉ. प्रताप सिंह ने बताया कि 3 जुलाई को जिलेभर में 'मां री संभाल' अभियान के तहत कुल 21 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। ये शिविर उप स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और ग्राम पंचायत स्तर पर लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें। इन स्थानों पर होंगे 'मां री संभाल' अभियान के शिविर फलौदी खंड में उप स्वास्थ्य केंद्र बामनू, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मलार और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेंगटी हड़बू जी में शिविर आयोजित किए जाएंगे। बाप खंड में उप स्वास्थ्य केंद्र खीरवा और उप स्वास्थ्य केंद्र मालम सिंह जी की सिड में शिविर लगाए जाएंगे। आऊ खंड में उप स्वास्थ्य केंद्र उदय नगर, उप स्वास्थ्य केंद्र हाजी सागर और उप स्वास्थ्य केंद्र गोरछीयो का बेरा को शिविर स्थल बनाया गया है। वहीं लोहावट खंड में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दैयाकोर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पल्ली और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सदरी में स्वास्थ्य शिविर आयोजित होंगे। बापिनी खंड में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मतोडा, उप स्वास्थ्य केंद्र भादा और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इशरू में गर्भवती महिलाओं की जांच की जाएगी। देचू खंड में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चांदसमा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चोरड़िया और उप स्वास्थ्य केंद्र कोलू राठौड़ा में शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा घंटियाली खंड में उप स्वास्थ्य केंद्र रड़कापुरा, ग्राम पंचायत नोखड़ा चारनान और उप स्वास्थ्य केंद्र मानेवाड़ा में भी अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।