शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कोटा में संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सोनिया गांधी को लेकर बयान दिया है। दिलावर ने कहा- चाणक्य ने कहा था कि विदेशी मूल के व्यक्ति से देश हित की अपेक्षा नहीं की जा सकती। राहुल ने भी सोनिया के पेट से जन्म लिया है। ऐसे में उनसे देश हित की उम्मीद नहीं की जा सकती। देश की जनता ने कांग्रेस को नकार कर एक कोने में खड़ा कर दिया है, इसलिए वे अब लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। दरअसल बीजेपी के लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान की शुरुआत शुक्रवार को कोटा से की जा रही है। इसी को लेकर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर प्रेस कांफ्रेस कर रहे थे। कांग्रेस गुमराह करने का काम करती है- दिलावर दिलावर ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से ही झूठ और अराजकता का सहारा लेकर जनता को गुमराह करने का प्रयास करती रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार विकास और पारदर्शी सुशासन के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि कांग्रेस केवल बेबुनियाद आरोप लगाकर राजनीतिक रोटियां सेक रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस अभियान के माध्यम से जनता तक सत्य पहुंचाएं। उन्होंने मतदाता सूची में गड़बड़ी और नाम हटाने के विपक्ष के आरोपों को सिरे से खारिज किया। मदन दिलावर बोले- कांग्रेस को अपने बीएलओ, एजेंंट्स पर भरेसा नहीं दिलावर ने कहा कि चुनाव आयोग एक निष्पक्ष संस्था है, जहां निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान बीएलओ सरकारी कर्मचारी होते हैं तथा कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के बीएलए और पोलिंग एजेंट उपस्थित रहते हैं। प्रक्रिया पारदर्शी होती है और आपत्ति दर्ज कराने का पूरा अवसर दिया जाता है। कांग्रेस को अपने ही बीएलए और पोलिंग एजेंटों पर विश्वास नहीं रहा है। कोटा में पैदल मार्च शुक्रवार को बीजेपी जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने बताया कि इस अभियान के तहत शुक्रवार शाम 4 बजे एक विशाल पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा।पदयात्रा प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अगुवाई तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ की उपस्थिति में निकाली जाएगी। यात्रा शाम 4 बजे सेवन वंडर पार्क के सामने से शुरू होगी। इसके बाद कोटड़ी चौराहा, इंदिरा गांधी तिराहा और गुमानपुरा मल्टीपर्पज स्कूल के सामने से होती हुई छावनी चौराहे पर पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। राकेश जैन ने दावा किया कि यह केवल एक रैली नहीं बल्कि जन-सैलाब होगा, जिसमें 5 से 10 हजार से अधिक लोग और पदयात्री शामिल होंगे।