झालावाड़ के रायपुर थाना क्षेत्र से सटे मध्यप्रदेश के बराई गांव में करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। यह घटना मंगलवार दोपहर को हुई। मृतक की पहचान झालावाड़ के रायपुर क्षेत्र स्थित हिम्मतगढ़ गांव निवासी इरफान पुत्र बाबू बक्स मंसूरी के रूप में हुई है। इरफान मजदूरी का काम करता था और मंगलवार सुबह मध्यप्रदेश के बराई गांव में धनिया की गाड़ी भरवाने गया था। परिजनों ने बताया कि इरफान ट्रक पर चढ़कर धनिए की बोरियां जमा रहा था। इसी दौरान, जब गाड़ी को आगे बढ़ाया गया, तो वह ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाई टेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से इरफान गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल रायपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद मंगलवार दोपहर को झालावाड़ के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। झालावाड़ अस्पताल में डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ देर बाद इरफान की मौत हो गई। घटना की सूचना पर अस्पताल चौकी पुलिस ने परिजनों से रिपोर्ट ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। अस्पताल चौकी पुलिस ने मध्यप्रदेश के सोयत थाने को भी इस घटना की जानकारी दी है।