राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का जन्मदिन रविवार, 3 मई को जिले भर में 'सेवा संकल्प दिवस' के रूप में मनाया गया। यह आयोजन महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला संयोजक राजेन्द्र सांखला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया। इस अवसर पर समिति के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न सामाजिक, पर्यावरण संरक्षण और पशु-पक्षियों के लिए कार्यक्रम आयोजित किए। महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला संयोजक राजेन्द्र सांखला ने बताया कि जिलेभर में कार्यकर्ता प्रति वर्ष मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का जन्मदिन सेवा दिवस के रूप में मनाते हैं। सिरोही नगर में कार्यकर्ताओं ने भीषण गर्मी को देखते हुए पक्षियों के लिए जगह-जगह परिंडे बांधे। समिति के कार्यकर्ताओं ने इन परिंडों में नियमित रूप से पानी भरने की जिम्मेदारी भी ली। इसके साथ ही गौशाला में पशुओं के लिए हरे चारे का इंतजाम किया गया। सांखला ने जानकारी दी कि मंडार, रेवदर, पिण्डवाडा, भांवरी, आबूरोड, कालन्द्री और शिवगंज पंचायत समिति क्षेत्रों में भी महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के ब्लॉक संयोजकों के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर राजेन्द्र सांखला ने गहलोत के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि जब भी अशोक गहलोत के नेतृत्व में सरकार बनती है, तो वे जन कल्याणकारी योजनाएं लागू कर लोगों को राहत पहुंचाते हैं। उन्होंने बताया कि राजस्थान ऐसा राज्य है, जहां से मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना और निःशुल्क जांच योजना की शुरुआत हुई। इन योजनाओं की देश ही नहीं बल्कि दुनियाभर में चर्चा हुई। महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के सह-संयोजक प्रवीण गोस्वामी ने कहा कि गहलोत सच्चे अर्थों में 36 कौम के नेता हैं। उन्होंने जातिवाद और धर्म की सीमाओं को तोड़कर हर वर्ग को गले लगाया है। इस अवसर पर फिरोज रंगरेज, मोहन कुमार, राजेन्द्रसिंह डाबी, अशोकसिंह परमार, किशन माली, निखिल सिंह चौहान, मंजू मीणा और तब्बसुम बानो सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।