किशनगढ़बास उपखंड की ग्राम पंचायत माहोन्द में गुरुवार को जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला कलेक्टर ने आमजन की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निपटारे के निर्देश दिए। रात्रि चौपाल में कुल 24 परिवाद प्राप्त हुए। ये परिवाद पीएम आवास योजना, शौचालय निर्माण, रसद विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग के रास्ते, राजस्व, बिजली और पानी सहित विभिन्न विषयों से संबंधित थे। जिला कलेक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों को इन प्रकरणों के समाधान के लिए शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए। योजनाओं की दी गई जानकारी इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इनमें वृद्धजन पेंशन योजना, आपकी बेटी योजना, विधवा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री पालनहार योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, लाडो योजना, जल जीवन मिशन, पीएम सूर्यघर योजना और पीएम विश्वकर्मा योजना शामिल थीं। आमजन को इन योजनाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। कृषि विभाग की तारबंदी योजना, फार्म पॉन्ड और प्याज भंडारण जैसी अन्य योजनाओं पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। रात्रि चौपाल में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, किशनगढ़बास उपखंड अधिकारी मनीष कुमार जाटव, किशनगढ़बास पंचायत समिति के विकास अधिकारी संजय यादव, तहसीलदार अभिषेक यादव, जनप्रतिनिधिगण, ग्रामीणजन और विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।