महवा में पंचायत राज चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने रविवार को महवा में अधिकारियों की बैठक लेकर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी लेकर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में महुवा विधानसभा क्षेत्र की महुवा, मंडावर और बैजूपाड़ा पंचायत समितियों के अधिकारियों से मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को चुनाव संबंधी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए। मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण बैठक से पहले कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने महुवा पंचायत समिति क्षेत्र के बालाहेड़ी और वीरपुर स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान महुवा के रिटर्निंग अधिकारी प्रेमराज मीना, पुलिस उपाधीक्षक अनूप सिंह और तहसीलदार पृथ्वीराज मीना साथ रहे। लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने कहा कि पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन की टीम पूरी तरह तैयार है। उन्होंने अधिकारियों को चुनाव कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। साथ ही निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।