भास्कर न्यूज| बारां कांच व्यापारी के अपहरण और फिरौती कांड के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को बुधवार रात को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा रिमांड पर चल रहे दो आरोपियों की गुरुवार को पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों पर पैदल परेड कराते हुए घटना स्थल की तस्दीक करवाई। बाद में दोनों को कोर्ट में पेश किया,जहां से जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों से फिरौती के 8 लाख रुपए, वारदात में प्रयुक्त कार और देशी पिस्टल बरामद की है। एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि कांच व्यापारी सतीश गौड़ के अपहरण-फिरौती मामले में पुलिस चार आरोपियों को जेल भिजवा चुकी है। जबकि आरोपी शाहरुख उर्फ जावेद ओर राहिल दो दिन से पुलिस रिमांड पर थे। एएसपी राजेश चौधरी के नेतृत्व में गुरूवार को पुलिस ने शहर के प्रताप चौक से अस्पताल रोड, गर्ल्स कॉलेज के पास तक पैदल ले जाकर घटनास्थल की तस्दीक करवाई। इस दौरान दोनों आरोपियों का सिर मुंडा हुआ और नंगे पैर चल रहे थे। यह नजारा देखने के लिए सड़क पर लोग जमा रहे। लोगों ने पुलिस प्रशासन जिंदाबाद के नारे भी लगाए। रिमांड के दौरान पुलिस ने शाहरूख की निशानदेही पर 4 लाख रुपए, एक अवैध देशी पिस्टल व घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। जबकि राहिल मोहम्मद की निशानदेही पर भी 4 लाख रुपए बरामद किए है। जिसे पकड़ने के लिए टीमें लगाई वह आरोपी सड़क पर ही मिला फिरौती कांड के मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने प्रमुख अधिकारियों के नेतृत्व में टीमें लगाई थी। लेकिन सदर थाना पुलिस को बुधवार रात वह सड़क पर ​ही मिल गया। पुलिस की बताई कहानी कुछ ऐसी ​ही है। एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि बुधवार रात को सदर थानाधिकारी नवल किशोर मीणा की टीम झालावाड़ रोड पर धोलाकुआ-दिलोदा के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। शक होने पर पुलिस ने पीछा कर उसे रोका और पूछताछ के बाद तलाशी ली। ​िजसमें उसके पास से अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। उसकी पहचान ओढ़पुरा निवासी सैफ अली हुसैन (27) पुत्र मोहम्मद उस्मान के रूप में हुई। उसको गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया है। एसपी अंदासु ने बताया कि आरोपी अपहरण और फिरौती मामले का मास्टरमाइंड है। सदर पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। सदर ने पकड़कर जेल भेजा, अब कोतवाली लेगी प्रोडक्शन वारंट सदर पुलिस द्वारा जेल भिजवाए गए मुख्य आरोपी को अब कोतवाली थाना पुलिस अपहरण और फिरौती मामले में गिरफ्तारी के लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र पेश करेगी। इसके बाद प्रोडक्शन वारंट के जरिए जेल से गिरफ्तार कर रिमांड मांगा जाएगा। उल्लेखनीय है कि आरोपी के अवैध मकान को एक दिन पूर्व ढहा दिया था।