महिला सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान के तहत खैरथल और मुंडावर थाना क्षेत्र की सुरक्षा सखियों ने शुक्रवार को राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल, माजरी खोला में छात्राओं के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इस दौरान छात्राओं को गुड टच-बैड टच, साइबर अपराधों से बचाव और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। सुरक्षा सखी शिवानी शर्मा ने बताया- वर्तमान में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ठग मोबाइल कॉल, बैंक अधिकारी बनकर, ऑनलाइन गेम या विभिन्न प्रलोभनों के माध्यम से लोगों से ठगी कर रहे हैं। उन्होंने छात्राओं को किसी भी अज्ञात कॉल या संदेश पर भरोसा न करने और अपनी व्यक्तिगत एवं बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी। कार्यक्रम में छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 तथा पुलिस हेल्पलाइन 100 के बारे में बताया गया। उन्हें किसी भी परेशानी की स्थिति में बिना घबराए तुरंत सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, सभी से अपने मोबाइल फोन में राजकॉप (RajCop) ऐप डाउनलोड कर आवश्यकता पड़ने पर उसका उपयोग करने और ये जानकारी परिवार व आसपास के लोगों तक पहुंचाने का भी आग्रह किया। इस दौरान सुरक्षा सखियों ने छात्राओं से स्कूल और उनकी दैनिक समस्याओं पर भी चर्चा की। छात्राओं ने बताया- बारिश के दौरान स्कूल तक पहुंचने वाले मार्ग पर जलभराव और सड़क न होने के कारण उन्हें आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सुरक्षा सखियों ने स्कूल परिसर में साफ-सफाई और अनुशासन की सराहना की। स्कूल के अध्यापक प्रेम कुमार और सुनीता सहित अन्य शिक्षकों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होते रहने चाहिए। इससे बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक, कानूनी और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी मिलती रहेगी। इस अवसर पर सुरक्षा सखियां शिवानी शर्मा, कृष्णावती, सुनीता के साथ स्कूल स्टाफ और छात्राएं उपस्थित रहीं।