​जिले में ग्रामीणों को रोजगार के बेहतर अवसर और गांवों के समग्र विकास के लिए एक बड़ी शुरुआत की गई है। ग्राम पंचायत माहोद में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव की मौजूदगी में वी.बी.जी. रामजी योजना का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण जन उपस्थित रहे। ​जिला कलक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की आजीविका को सुदृढ़ करना और गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विकास करना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े स्तर पर सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा। ​योजना के तहत ग्रामीणों को मिलेंगे ये लाभ ​मजदूरी में बढ़ोतरी: योजना के तहत अब श्रमिकों की मजदूरी दर को बढ़ाकर 300 रुपए प्रतिदिन कर दिया गया है। ​कार्य दिवसों में वृद्धि: रोजगार के अवसरों को बढ़ाते हुए कार्य दिवसों की संख्या को अब 125 दिन प्रतिवर्ष कर दिया गया है। ​7 दिनों में भुगतान: श्रमिकों को समय पर लाभ देने के लिए भुगतान की अवधि को 7 दिवस तय किया गया है। ​समय पर भुगतान न होने पर अतिरिक्त राशि: यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर भुगतान नहीं होता है, तो इसके लिए योजना में अतिरिक्त भुगतान (पेमेंट) का विशेष प्रावधान रखा गया है। ​इन चार मुख्य बिंदुओं पर रहेगा विशेष फोकस: ​वॉटर सिक्योरिटी (जल सुरक्षा) ​ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर (बुनियादी ढांचा) ​डिजास्टर मैनेजमेंट (आपदा प्रबंधन) ​रूरल लाइवलीहुड (ग्रामीण आजीविका) ​जिला कलेक्टर ने बताया कि जिला स्तर के साथ-साथ आज ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर भी इस योजना की शुरुआत की जा चुकी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस योजना के माध्यम से गांवों का चहुंमुखी विकास होगा और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।