अलवर के मालाखेड़ा रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से 10वीं के स्टूडेंट की मौत हो गई। पैसेंजर ट्रेन की टक्कर से स्टूडेंट के दोनों पैर कट गए और सिर में भी गंभीर चोट लगी थी। हादसा मालाखेड़ा रेलवे स्टेशन से आगे बीजवाड़ फाटक के पास आज सुबह का है। परिवार बोला- स्कूल की जगह रेल पटरी तक कैसे पहुंचा? स्टूडेंट का नाम अनंत (16) पुत्र नटवर निवासी नंगली झामावत मालाखेड़ा था। उसके ताऊ मुकेश ने बताया कि वे मंडी में गए हुए थे। पुलिस का फोन आया, तब हादसे का पता चला। परिवार के सदस्य अलवर जिला हॉस्पिटल पहुंचे। तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि अनंत सुबह करीब 7 बजे मालाखेडा के निजी स्कूल जाने के लिए निकला था। हर दिन स्कूल बस से जाता था लेकिन आज स्कूल नहीं पहुंचा। वहीं स्कूल संचालक का कहना है कि उनके स्कूल में केवल 4 दिनों से आने लगा है। अभी एडमिशन भी नहीं हुआ था। केवल ट्रायल क्लास के लिए आया था। वह रेल पटरी तक कैसे गया। यह पता नहीं चला है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की रिपोर्ट के अनुसार जांच की जाएगी।