मालपुरा गेट थाना पुलिस ने नकली सोना-चांदी तैयार कर लोगों से ठगी करने वाली एक गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से ठगी की रकम में से 4.50 लाख रुपए नकद, नकली सोना-चांदी बनाने के उपकरण और सील-मोहर बरामद किए हैं। फैक्ट्री में बुलाकर नकली चांदी बनाने का झांसा देकर 5 लाख ठगे डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा ने बताया कि 3 मई को पीड़ित हरीश कुमार मीणा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी मुलाकात संजय उदयवाल के जरिए अहमदाबाद निवासी महबूब शेख से कराई गई। महबूब ने खुद को चांदी बनाने वाला कारीगर बताते हुए सस्ती दर पर चांदी देने का झांसा दिया। आरोपी ने पीड़ित को बार-बार अपनी तथाकथित फैक्ट्री पर बुलाया और नकली चांदी बनाकर दिखाते हुए भरोसा दिलाया। इसके बाद सस्ती चांदी देने के नाम पर उससे करीब 5 लाख रुपए ठग लिए। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों के किराए के मकान पर दबिश दी, लेकिन वे सामान समेटकर फरार हो चुके थे। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी मदद से आरोपियों की मोबाइल लोकेशन ट्रैक की और उनका पीछा करते हुए अहमदाबाद से डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेहबूब शेख (39) और इब्राहिम छीपा के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से अहमदाबाद के रहने वाले हैं और जयपुर में किराए के मकान में रहकर इस प्रकार की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी नकली सोना-चांदी तैयार कर उसे असली बताकर बेचने का झांसा देते थे और लोगों से मोटी रकम वसूलते थे। फिलहाल दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में इस तरह की अन्य ठगी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।