मामचारी गांव में मंगलवार दोपहर बरगद के एक विशाल पेड़ में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही करौली अग्निशमन केंद्र की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते की गई कार्रवाई से आग को फैलने से रोका गया और बड़ा नुकसान टल गया। पुलिस कंट्रोल रूम को मंगलवार दोपहर मामचारी गांव में बरगद के पेड़ में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही अग्निशमन वाहन ड्राइवर सूरज डागर, फायरमैन शीशराम गुर्जर, विमलेश माली, पुष्पेंद्र शर्मा और मूलीबाई मीना तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत की। उनकी त्वरित कार्रवाई के कारण आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से सफलतापूर्वक रोका जा सका, जिससे किसी बड़े नुकसान की आशंका समाप्त हो गई। उल्लेखनीय है कि करौली अग्निशमन केंद्र के अनुबंधित कर्मचारियों को पिछले 10 माह से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। इन आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद, कर्मचारी पूरी कर्तव्यनिष्ठा के साथ आपातकालीन परिस्थितियों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। कर्मचारियों ने कई बार जिला प्रशासन के समक्ष लंबित वेतन भुगतान की मांग उठाई है, लेकिन अब तक इस समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।