पूर्व मंत्री और कांग्रेस के एससी विभाग की प्रदेश अध्यक्ष ममता भूपेश ने मंगलवार को डूंगरपुर में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों पर जमकर निशाना साधा और संविधान के दुरुपयोग का आरोप लगाया। पूर्व मंत्री ममता भूपेश के डूंगरपुर पहुंचने पर सर्किट हाउस में कांग्रेसी नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे कलेक्ट्रेट पहुंचीं, जहां उन्होंने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। विजयाराजे सिंधिया ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में ममता भूपेश ने केंद्र सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि आज देश में संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ईडी, आयकर विभाग और सीबीआई जैसी लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग करके लोगों को डराने-धमकाने का काम कर रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार बेरोजगारी और महंगाई जैसे ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए देश को धर्म के नाम पर बांटने का प्रयास कर रही है। ममता भूपेश ने "400 पार" के नारे पर भी टिप्पणी की और कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री मोदी को 240 सीटों पर लाकर आईना दिखा दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2029 में कांग्रेस पार्टी सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' का जिक्र करते हुए उन्हें एक ऐसा योद्धा बताया जो आम लोगों और गरीबों की आवाज सुनता है। समारोह में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावों में कांग्रेस को केंद्र की सत्ता में वापस लाने का संकल्प लिया। प्रदेश की भजनलाल सरकार को भी लिया आड़े हाथ पूर्व मंत्री ममता भूपेश ने प्रदेश की भजनलाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार के समय में हर विधानसभा क्षेत्र में जो ऐतिहासिक काम हुए थे, वर्तमान सरकार उन्हें पूरा करने के बजाय केवल उन पर अपने नाम के पत्थर और नेम प्लेट लगाने में व्यस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के पास न तो कोई स्पष्ट विजन है और न ही गरीबों के प्रति कोई चिंता। उन्होंने चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना और कालीबाई भील स्कूटी योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आज जनता इन सुविधाओं के लिए तरस रही है। उन्होंने राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भी गंभीर चिंता जताई और कहा कि अपराधों में वृद्धि के कारण जनता में भय का माहौल है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2028 में जनता इस सरकार को करारा जवाब देगी और कांग्रेस एक बार फिर भारी बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगी।